स्कूल वैन को ट्रेन ने मारी टक्कर, तीन बच्चों की मौत, कई घायल

कडलूर। तमिलनाडु के कडलूर जिले के चेम्मनकुप्पम इलाके में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ। तेज रफ्तार से आ रही पैसेंजर ट्रेन ने एक स्कूल वैन को टक्कर मार दी, जिसमें तीन मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 बच्चे और ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा बिना फाटक वाले रेलवे क्रॉसिंग पर हुआ, जब वैन रेलवे ट्रैक पार करने की कोशिश कर रही थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चिदंबरम की ओर जा रही ट्रेन ने वैन को लगभग 50 मीटर तक घसीट लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वैन पूरी तरह चकनाचूर हो गई। हादसे के बाद घायल बच्चों को कडलूर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। डॉक्टरों के अनुसार मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है।

स्थानीय लोगों और अधिकारियों ने हादसे के लिए वैन ड्राइवर की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, ड्राइवर ने ट्रेन को आते देखा, फिर भी जल्दबाजी में ट्रैक पार करने की कोशिश की। रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (RPF) और जिला प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। मामले की तहकीकात कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

शोक और आक्रोश का माहौल

हादसे की खबर फैलते ही इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल फैल गया। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर बच्चों को बाहर निकालने में मदद की और रेलवे अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना फाटक वाले रेलवे क्रॉसिंग स्कूलों के आसपास बेहद खतरनाक हैं और इन पर तुरंत सुरक्षा उपाय किए जाने चाहिए। प्रशासन ने लोगों को आश्वासन दिया है कि जांच के आधार पर सख्त कदम उठाए जाएंगे और इस तरह की घटनाओं को दोहराने से रोकने के लिए प्रभावी सुरक्षा उपाय किए जाएंगे। फिलहाल पूरा क्षेत्र शोक में डूबा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button