खैरागढ़: स्कूल में सरकारी दस्तावेज जलाने पर हंगामा, जांच के आदेश दिए गए

खैरागढ़। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ स्थित शासकीय अंग्रेजी माध्यम प्राथमिक शाला (क्रमांक-1) में बड़ी लापरवाही सामने आई है। स्कूल की किताबें, रजिस्टर और कई सरकारी दस्तावेज बिना किसी प्रक्रिया के जला दिए गए। इस घटना के बाद लोग सवाल उठा रहे हैं कि कहीं गड़बड़ियां छुपाने के लिए तो ये दस्तावेज नहीं जलाए गए।
लोगों ने जताई नाराजगी
घटना से नाराज स्थानीय लोगों और शिक्षकों का कहना है कि सरकारी दस्तावेजों को इस तरह जलाना नियमों का उल्लंघन है। इससे पारदर्शिता और जवाबदेही पर भी सवाल खड़े होते हैं। लोगों का कहना है कि अगर इस तरह दस्तावेज नष्ट किए जाते रहे तो भविष्य में गड़बड़ियों को छुपाना आसान हो जाएगा।
कलेक्टर ने दिए जांच के आदेश
घटना की शिकायत मिलने पर नागरिकों ने जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा, जिसे संयुक्त कलेक्टर सुमन राज ने लिया। उन्होंने कहा कि यह मामला गंभीर है और जिला शिक्षा अधिकारी को जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी ताकि आगे ऐसी लापरवाही न हो।
लोगों को उम्मीद है कि जांच में सच्चाई सामने आएगी और जिम्मेदारों को सजा मिलेगी। घटना के बाद से ही लोगों में नाराजगी बनी हुई है।





