पानी छिड़कने के विवाद में युवक की हत्या, 6 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर: देवादा के एक ढाबे में हाथ धोते समय पानी छिड़कने को लेकर हुए विवाद में एक युवक की हत्या हो गई। पुलिस ने इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए दो आरोपियों और चार नाबालिगों को हिरासत में लिया है। उनके पास से हत्या में इस्तेमाल किए गए दो चाकू और दो एक्टिवा वाहन बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी अभिषेक कुण्डू ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 30 जून 2025 की रात वे अपने दोस्तों के साथ पंकज का जन्मदिन मनाने देवादा स्थित हमारा ढाबा आए थे। रात करीब 12 बजे केक काटा गया और खाना खाया गया। पंकज और हिमांशु घर चले गए। रात 3:30 बजे अभिषेक जब होटल से निकला तो प्रशांत वहां नहीं था।
होटल मालिक ने बताया कि तुम्हारे दोस्त को मार रहे हैं। अभिषेक ने देखा कि सौरभ उर्फ सोनू गुरूम और उसके साथी प्रशांत पर चाकू से हमला कर रहे थे। उन्होंने प्रशांत के पेट में 2-3 बार चाकू मारा। प्रशांत को इलाज के लिए सेक्टर-9 अस्पताल भिलाई ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग के निर्देश पर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। सौरभ ने पूछताछ में बताया कि वह अपने दोस्त प्रेम यादव और चार नाबालिगों के साथ अजाद चौक रुआबांधा में झांकी देखने के बाद खाना खाने ढाबा आया था। हाथ धोते समय एक लड़के ने उस पर पानी छिड़क दिया जिस पर विवाद हो गया।
सौरभ और उसके दोस्तों ने मिलकर युवक की पिटाई की और चाकू से वार किया। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। कार्रवाई में थाना प्रभारी सोमनी उप निरीक्षक प्रमोद श्रीवास्तव और सायबर सेल राजनांदगांव की टीम की अहम भूमिका रही।





