भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की तैयारी अंतिम चरण में, ट्रंप-मोदी की दोस्ती पर फिर मुहर

वॉशिंगटन:भारत और अमेरिका के बीच बहुप्रतीक्षित व्यापार समझौते की घोषणा अब कभी भी हो सकती है। व्हाइट हाउस ने सोमवार को प्रेस ब्रीफिंग के दौरान स्पष्ट कर दिया कि दोनों देशों के बीच ट्रेड डील लगभग तैयार है और इसे अंतिम रूप देने की प्रक्रिया चल रही है।

प्रेस ब्रीफिंग में व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिना लेविट ने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पिछले सप्ताह जो कहा था, वह अब भी सच है—अमेरिका और भारत व्यापार समझौते के बेहद करीब हैं। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति और कॉमर्स सचिव के बीच इस मुद्दे पर हाल ही में चर्चा हुई और वे इसे जल्द ही फाइनल करने जा रहे हैं।

भारत को “रणनीतिक साझेदार” बताते हुए व्हाइट हाउस ने कहा कि एशिया प्रशांत क्षेत्र में भारत की भूमिका अहम है और पीएम नरेंद्र मोदी के साथ ट्रंप के संबंध बेहद मजबूत हैं। इस रिश्ते की मजबूती का असर व्यापारिक संबंधों पर भी साफ नजर आ रहा है।

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने पहले भी यह संकेत दिया था कि भारत के साथ एक “बड़ी” ट्रेड डील जल्द होने वाली है। चीन के साथ हालिया व्यापार समझौते के बाद अमेरिका की नजर अब भारत पर है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि यदि कोई देश अमेरिकी वस्तुओं पर ऊंचा शुल्क लगाता है, तो अमेरिका भी उसी प्रकार का जवाब देगा।

इस बीच, यह भी उल्लेखनीय है कि ट्रंप प्रशासन ने अप्रैल में 100 से अधिक देशों पर रेसिप्रोकल टैरिफ लगाने की घोषणा की थी, जिसे बाद में कुछ समय के लिए टाल दिया गया। अब जबकि चीन के साथ व्यापार समझौता हो चुका है, भारत के साथ भी यह डील जल्द हो सकती है।

इससे यह साफ है कि भारत-अमेरिका के बीच न केवल रणनीतिक साझेदारी प्रगाढ़ हो रही है, बल्कि आर्थिक रिश्तों को भी एक नई दिशा देने की तैयारी जोरों पर है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button