अहमदाबाद प्लेन हादसे की शुरुआती जांच रिपोर्ट; टेकऑफ सामान्य, गड़बड़ी हवा में शुरू हुई

दिल्ली। अहमदाबाद से लंदन जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI 171 के क्रैश मामले में न्यूयॉर्क टाइम्स ने फोटो, वीडियो और ऑडियो की जांच कर शुरुआती रिपोर्ट पेश की है।
रिपोर्ट बताती है कि विमान का टेकऑफ सामान्य था, लेकिन हवा में उड़ान के कुछ देर बाद खराबी शुरू हुई। विशेषज्ञों ने बताया कि प्लेन ने रनवे से सही तरीके से उड़ान भरी। टेकऑफ से पहले विंग फ्लैप और स्लैट्स भी खोले गए थे, जैसा कि हर उड़ान में किया जाता है।
लैंडिंग गियर नहीं हो पाया बंद
जांच में पता चला कि टेकऑफ के तुरंत बाद लैंडिंग गियर को अंदर खींचने की कोशिश की गई, लेकिन वह प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। इससे अंदाजा है कि शायद बिजली या हाइड्रॉलिक सिस्टम फेल हो गया था।
दोनों इंजन एक साथ हुए फेल
वीडियो में यह भी दिखा कि विमान में कोई साइड मूवमेंट या झटका नहीं था। यानी दोनों इंजन एक साथ बंद हो गए, जो बहुत ही दुर्लभ और गंभीर स्थिति होती है।
इमरजेंसी पावर सिस्टम एक्टिव हुआ
एक ऑडियो विश्लेषण में यह पाया गया कि विमान में आपातकालीन पावर सिस्टम (राम एयर टरबाइन) एक्टिव हो गया था, जिससे यह संकेत मिलता है कि पावर फेलियर हुआ था।
270 लोगों की मौत, सिर्फ 1 बचा
12 जून को हुए इस हादसे में 241 यात्री और 29 क्रू मेंबर्स समेत कुल 270 लोगों की मौत हो गई। सिर्फ एक यात्री बचा। मृतकों में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी शामिल थे। DGCA जांच कर रही है।





