पहलगाम हमला: आतंकियों के दो मददगार गिरफ्तार, तीन पाकिस्तानी आतंकी चिह्नित

दिल्ली। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। इस हमले में सहायता करने के आरोप में दो स्थानीय नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान परवेज अहमद जोथर (बटकोट निवासी) और बशीर अहमद जोथर (हिल पार्क निवासी) के रूप में हुई है।
पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि उन्होंने हमले से पहले तीन पाकिस्तानी आतंकवादियों को हिल पार्क क्षेत्र में एक अस्थायी झोपड़ी (ढोक) में पनाह दी थी। साथ ही, उन्हें भोजन और रसद सहायता भी प्रदान की थी। NIA की जांच में यह पुष्टि हुई है कि तीनों हमलावर लश्कर-ए-तैयबा (LET) से जुड़े थे।
इन आतंकियों ने वहां रहकर पर्यटक स्थल की रेकी की और फिर धर्म पूछ-पूछकर गोलीबारी की, जिसमें 26 पर्यटकों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हुए। इन अपराधों के लिए दोनों आरोपियों पर UAPA 1967 की धारा 19 के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तारियां RC-02/2025/NIA/JMU के तहत हुई हैं।
यह आतंकी हमला 22 अप्रैल को बैसरन घाटी में हुआ था। इसके बाद भारत सरकार ने पाकिस्तान और POK में आतंकी ठिकानों पर हवाई हमले किए थे, जिससे भारत-पाक सीमा पर तनाव बढ़ गया था। फिलहाल एनआईए मामले की गहराई से जांच कर रही है और अन्य सहयोगियों की पहचान में जुटी है।





