अमिताभ-अभिषेक की ‘पा’ बनी अनोखे रिकॉर्ड की हकदार, गिनीज बुक में दर्ज हुआ नाम

मुंबई:बॉलीवुड में बाप-बेटे की जोड़ियां परदे पर कई बार दिखीं, लेकिन साल 2009 में रिलीज हुई फिल्म ‘पा’ ने एक अनोखा इतिहास रच दिया। फिल्म में सदी के महानायक अमिताभ बच्चन और उनके बेटे अभिषेक बच्चन ने ऐसे किरदार निभाए, जो गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हो गए।

‘पा’ में जहां अमिताभ बच्चन ने प्रोजेरिया से ग्रसित एक बच्चे ऑरो का किरदार निभाया, वहीं अभिषेक बच्चन ने उनके पिता की भूमिका अदा की। यह पहली बार था जब रियल लाइफ बेटे ने परदे पर अपने ही पिता के पिता का किरदार निभाया। इसी अनोखी अवधारणा के कारण दोनों का नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में शामिल किया गया।

इस फिल्म के निर्देशन की कमान आर. बाल्की ने संभाली थी और इसे अभिषेक बच्चन ने प्रोड्यूस किया था। फिल्म में विद्या बालन ने भी अहम भूमिका निभाई थी। IMDb पर इसे 7.1 रेटिंग मिली है और आलोचकों से खूब सराहना भी।

फिल्म की लागत मात्र 18 करोड़ रुपये थी, लेकिन देशभर में इसने 40 करोड़ और ग्लोबली 46 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की। बजट और बॉक्स ऑफिस के अनुपात में यह एक बड़ी हिट रही।

फिल्म में अमिताभ बच्चन के अभिनय की जमकर तारीफ हुई और उन्होंने ऑरो के किरदार को इतनी खूबसूरती से निभाया कि दर्शक उन्हें पहचान भी नहीं पाए। वहीं अभिषेक भी अपने गंभीर किरदार में खूब जमे।

गौरतलब है कि अभिषेक बच्चन का एक और रिकॉर्ड गिनीज बुक में दर्ज है—12 घंटे में सबसे अधिक सार्वजनिक उपस्थितियां देने का।

‘पा’ सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि भावनाओं, रिश्तों और सामाजिक संदेशों का संगम थी। यह साबित करती है कि कम बजट में भी दमदार अभिनय और मजबूत कहानी के जरिए दर्शकों का दिल जीता जा सकता है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button