बिलासपुर के होटल पैट्रिशियन में देर रात छापा, शराब और हुक्का पार्टी में छह युवक और दो युवतियाँ पकड़े गए

बिलासपुर: शहर के एक नामी होटल पैट्रिशियन में बुधवार देर रात पुलिस ने छापा मारकर एक कमरे में चल रही शराब और हुक्का पार्टी का भंडाफोड़ किया।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि होटल के एक कमरे में संदिग्ध गतिविधियाँ हो रही हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने होटल की पहली मंजिल पर दबिश दी। जांच के दौरान सभी कमरों की तलाशी ली गई। अधिकतर कमरे सामान्य पाए गए, लेकिन कमरा नंबर 2008 में कुछ युवक-युवतियाँ आपत्तिजनक स्थिति में मिले।
इस कमरे में दीपेश हरिरमानी, नवीन पाल, रोहन हाजरा, अविनाश सिंह ठाकुर, अजय मौर्य और दो युवतियाँ मौजूद थीं। ये सभी शराब पीते और हुक्का का सेवन करते हुए पाए गए। खास बात यह है कि कमरा तुषार अग्रवाल के नाम पर बुक किया गया था, लेकिन वह व्यक्ति मौके पर मौजूद नहीं था।
पुलिस ने मौके पर ही कोटपा एक्ट के तहत कार्रवाई की और सार्वजनिक स्थान पर धूम्रपान तथा नशा करने के आरोप में सभी के खिलाफ वैधानिक और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
इस मामले में होटल प्रबंधन की लापरवाही भी सामने आई है, क्योंकि एक व्यक्ति के नाम पर बुक कमरे में कई लोग ठहरे हुए थे, जो होटल के नियमों का उल्लंघन है। इस पर होटल को नोटिस जारी किया गया है और नगर निगम व नगरीय प्रशासन विभाग को पत्र भेजकर सख्त कार्रवाई की सिफारिश की गई है।
पुलिस की इस कार्रवाई से शहर में होटल गतिविधियों पर निगरानी और सख्ती की जरूरत एक बार फिर उजागर हुई है।





