मानसून ने पकड़ी रफ्तार: यूपी और राजस्थान में दस्तक, झारखंड में रेड अलर्ट

दिल्ली। देश में मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। पिछले तीन दिनों में यह गुजरात, मध्यप्रदेश, बिहार और झारखंड के बाद अब उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी पहुंच गया है। इससे कई राज्यों में झमाझम बारिश हो रही है, जबकि कुछ जगहों पर अलर्ट जारी किया गया है।
चार साल बाद उत्तर प्रदेश में मानसून समय पर पहुंचा है। ललितपुर और सोनभद्र से एंट्री के साथ पूर्वी यूपी के 13 जिलों में आज भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। राजस्थान में बुधवार को मानसून ने दस्तक दी और गुरुवार को 27 जिलों में बारिश का अलर्ट है। सिरोही में 4 घंटे तक तेज बारिश हुई।
मध्यप्रदेश के 54 जिलों में बारिश
मध्यप्रदेश के 54 जिलों में मानसून पहुंच चुका है। भिंड को छोड़कर सभी जिलों में बारिश हो रही है। ग्वालियर-चंबल में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। भोपाल और इंदौर में आंधी-बारिश का अनुमान है।
झारखंड में रेड अलर्ट, स्कूल बंद
झारखंड में भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी रांची में स्कूलों को बंद कर दिया गया है। बुधवार को खराब मौसम के कारण रांची से चार फ्लाइट्स रद्द करनी पड़ीं।
केदारनाथ यात्रा पर भूस्खलन से दो मौतें
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में केदारनाथ यात्रा मार्ग पर भारी बारिश से भूस्खलन हुआ। इसमें दो लोगों की मौत और तीन घायल हो गए।
दिल्ली की हवा 8 महीने बाद सबसे साफ
प्री-मानसून बारिश के कारण दिल्ली में गर्मी से राहत मिली है। साथ ही वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) गिरकर 81 हो गया है, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है। यह पिछले 8 महीनों में सबसे अच्छा स्तर है।
देशभर में बारिश के अलर्ट
मौसम विभाग ने गुजरात, ओडिशा, बिहार, कर्नाटक, असम, मेघालय, कोंकण-गोवा सहित कई राज्यों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।





