रेलिंग चोरी से हाईवे असुरक्षित, मवेशियों के कारण बढ़ रहे हादसे

बिलासपुर: मुंगेली रोड पर हाईवे किनारे लगाई गई सुरक्षा रेलिंग अब चोरों की नजर में आ गई है। करोड़ों रुपये खर्च कर बनाई गई ये रेलिंग, जो सड़क हादसे और मवेशियों को रोकने के लिए लगाई गई थीं, अब लगातार चोरी हो रही हैं।
एनएचएआई ने मवेशियों को सड़क पर आने से रोकने और आमने-सामने की टक्कर जैसी दुर्घटनाओं से बचने के लिए सड़क के किनारे सरिया और एंगल से बनी रेलिंग लगवाई थी। लेकिन अब सकरी से लेकर कानन पेंडारी और तखतपुर रोड तक ये रेलिंग धीरे-धीरे गायब होती जा रही हैं।
रात के समय मवेशी खुले हाईवे पर बैठ जाते हैं जिससे वाहन चालकों के लिए खतरा बढ़ गया है। कई लोग जानवरों से टकरा कर घायल हो चुके हैं।
सबसे हैरानी की बात ये है कि जहां से रेलिंग चोरी हुई है, वहां से कुछ ही दूरी पर पुलिस थाने हैं। इसके बावजूद न तो कोई चोर पकड़ा गया और न ही नई रेलिंग लगाई जा रही है। एनएच में 24 घंटे पेट्रोलिंग करने वाली एजेंसियां भी इसे रोकने में नाकाम साबित हो रही हैं।
अब सवाल उठने लगे हैं कि लाखों की लागत से लगी सुरक्षा व्यवस्था इस तरह चोरों की भेंट कैसे चढ़ गई? और कब तक लोगों की जान इस लापरवाही की कीमत चुकाती रहेगी?





