अवैध रेत उत्खनन पर जिला खनिज विभाग की सख्त कार्रवाई, अब होगी FIR

बिलासपुर:छत्तीसगढ़ में अवैध रेत उत्खनन के मामलों पर जिला खनिज विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। बीते एक सप्ताह में विभाग ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 50 से ज्यादा ट्रैक्टर, पोकलेन और अन्य वाहनों को पकड़ा है जो बिना अनुमति रेत का खनन कर रहे थे।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि संयुक्त टीम बनाकर लगातार छापेमारी की जा रही है। अब सिर्फ जुर्माना नहीं, बल्कि अवैध उत्खनन करने वालों के खिलाफ FIR दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इससे रेत माफियाओं पर लगाम कसने की उम्मीद है।
अधिकारियों के मुताबिक, अवैध उत्खनन के पीछे एक बड़ी वजह यह भी है कि वैध रेत घाटों का संचालन अभी तक शुरू नहीं हो पाया है। राज्य सरकार ने घाटों का आवंटन तो कर दिया है, लेकिन कई ठेकेदार अब तक जरूरी औपचारिकताएं पूरी नहीं कर पाए हैं। इसी का फायदा उठाकर रेत माफिया सक्रिय हो गए हैं।
अब खनिज विभाग की सख्ती से उम्मीद की जा रही है कि अवैध गतिविधियों पर रोक लगेगी और वैध रूप से रेत घाटों का संचालन शुरू हो पाएगा।





