बिजली कटौती के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, नेहरू नगर बिजली ऑफिस का घेराव

बिलासपुर: शहर में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती से परेशान जनता की आवाज उठाते हुए कांग्रेस ने सोमवार को जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ता डोल-बाजा लेकर नेहरू नगर स्थित बिजली विभाग के ऑफिस पहुंचे और जमकर नारेबाजी की।
कांग्रेस नेताओं ने बिजली विभाग और सरकार पर सीधा हमला बोला। कांग्रेस ग्रामीण जिला अध्यक्ष विजय केसरीवानी ने कहा कि बिजली कटौती से आम जनता का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। लोगों को न पानी मिल रहा है, न खाना बन पा रहा है, लेकिन सरकार और विभाग दोनों चुप हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यह तो सिर्फ एक सांकेतिक प्रदर्शन है, अगर जल्दी बिजली व्यवस्था नहीं सुधरी, तो कांग्रेस उग्र आंदोलन करेगी।
इस प्रदर्शन के बाद नेहरू नगर जोन के मुख्य कार्यपालन अभियंता मुख्तियार अंसारी ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि जल्द ही बिजली व्यवस्था में सुधार किया जाएगा।
कांग्रेस ने साफ कहा है कि जनता की परेशानी को अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, और उनकी लड़ाई सड़क से सदन तक जारी रहेगी।





