शहर में रोजाना जाम का झाम: शनिचरी रपटा से चांटीडीह तक सड़कों पर बेतरतीबी, प्रशासन बेबस

बिलासपुर: शहर में ट्रैफिक की समस्या दिन-ब-दिन विकराल होती जा रही है। खासकर शनिचरी रपटा पुल से लेकर चांटीडीह शराब भट्टी तक का इलाका रोजाना जाम की चपेट में रहता है। यहां ऑटो और इलेक्ट्रिक रिक्शा वाले सड़क के आधे हिस्से पर कब्जा कर सवारी भरते हैं, जिससे आम लोगों को रोजाना भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।

हालांकि ट्रैफिक पुलिस और निगम की टीम लगातार चालानी कार्रवाई और अतिक्रमण हटाने का अभियान चला रही है, लेकिन इसका कोई खास असर नजर नहीं आ रहा। जाम की स्थिति जस की तस बनी हुई है।

प्रशासन ने शनिचरी पानी टंकी के पीछे करोड़ों खर्च कर एक व्यवस्थित फल मार्केट बनवाया था ताकि सड़क पर ठेले न लगें और यातायात में दिक्कत न हो। लेकिन आज भी वही पुराना नजारा है – फल मार्केट वीरान पड़ा है और सारे ठेले सड़क पर ही लगे हुए हैं। दुकानदार पुलिस और निगम की कार्रवाई से बचने के लिए सड़क पर इधर-उधर ठेला लगाते रहते हैं।

सिर्फ शनिचरी ही नहीं, सिम्स रोड, सदर, गोलबाजार, नेहरू चौक, बाल्मीकि चौक जैसे कई इलाकों में भी इलेक्ट्रिक ऑटो वालों की मनमानी से ट्रैफिक बिगड़ रहा है।

शराब भट्टी बनी बड़ी समस्या

चांटीडीह की शराब भट्टी तो और भी गंभीर समस्या बन चुकी है। यहां न सिर्फ राहगीरों को दिक्कत होती है, बल्कि अपोलो अस्पताल जाने वाली एम्बुलेंस भी कई बार जाम में फंस जाती है। शराब भट्टी के पास सड़कों पर खुलेआम चखना दुकानें, डिस्पोजल और पानी पाउच की बिक्री हो रही है। शराबी नशे में धुत होकर एम्बुलेंस और परिवार के साथ जा रहे लोगों के सामने हंगामा करते हैं, जिससे माहौल बिगड़ता है।

चुनावों के वक्त इस शराब भट्टी को हटाने की मांग कई बार उठ चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

प्रशासन की कार्रवाई बेअसर

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) ने कहा है कि अव्यवस्थित ढंग से वाहन खड़े करने वालों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। लेकिन जब तक सख्त और स्थायी समाधान नहीं होगा, तब तक जनता को ऐसे ही रोजाना जाम और अव्यवस्था से जूझना पड़ेगा।

शहर में ट्रैफिक सुधार के लिए करोड़ों खर्च हो चुके हैं, लेकिन नतीजा शून्य है। अगर जल्द ही सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो हालात और बिगड़ सकते हैं। जरूरत है प्रशासन, पुलिस और जनता तीनों के मिलकर काम करने की।

 

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई