बलौदाबाजार: विश्व रक्तदाता दिवस पर 194 यूनिट रक्त एकत्र, लोगों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

बलौदाबाजार। कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देश पर विश्व रक्तदाता दिवस के मौके पर ग्राम सोनाडीह स्थित न्यूवोको सीमेंट संयंत्र और जिला रेडक्रॉस सोसाइटी के संयुक्त सहयोग से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
इस शिविर में संयंत्र के कर्मचारियों के साथ-साथ आसपास के ग्रामीणों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कुल 194 यूनिट रक्त एकत्र किया गया, जो जरूरतमंद मरीजों के लिए संजीवनी साबित होगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश कुमार अवस्थी ने बताया कि रक्तदाताओं को प्रोत्साहित किया जा रहा है ताकि अधिक से अधिक लोग स्वेच्छा से रक्तदान के लिए आगे आएं।
सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने कहा कि रक्तदान एक महान समाज सेवा है जिससे किसी मरीज की जान बचाई जा सकती है। 18 से 65 वर्ष की उम्र के व्यक्ति, जिनका वजन 45 किलो या उससे अधिक और हीमोग्लोबिन 12.5 हो, वे रक्तदान कर सकते हैं। एक बार में केवल 350 मिली रक्त ही लिया जाता है और साल में चार बार रक्तदान किया जा सकता है। इससे शरीर को कोई नुकसान नहीं होता।
उन्होंने बताया कि रक्त से प्रसव के समय, दुर्घटनाओं, सर्जरी और एनीमिया, सिकल सेल, थैलेसीमिया, हीमोफीलिया जैसे रोगों से पीड़ित मरीजों को मदद मिलती है, जिन्हें समय-समय पर रक्त की जरूरत पड़ती है।
शिविर का उद्देश्य लोगों में रक्तदान को लेकर जागरूकता बढ़ाना और ज्यादा से ज्यादा लोगों को इस सेवा से जोड़ना था।





