बलौदाबाजार में बालश्रम और नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान, 3 बच्चे चिन्हित कर परिवार को सौंपे

बलौदाबाजार। कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देश पर जिले में 10 जून से बालश्रम और किशोर श्रमिकों के खिलाफ एक सघन अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान को जिला बाल संरक्षण इकाई, श्रम विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा चलाया जा रहा है।

जिला कार्यक्रम अधिकारी टिक्वेन्द्र जाटवर के मार्गदर्शन में 10 से 13 जून तक टीम ने पलारी, सिमगा, बलौदाबाजार और भाटापारा विकासखण्ड में घूम-घूमकर लोगों को बच्चों से मजदूरी करवाने और नशे की लत के नुकसान के बारे में जागरूक किया।

इस दौरान टीम ने तीन बच्चों को चिन्हित किया, जिन्हें समझाइश देकर उनके परिवार को सौंपा गया और जरूरत अनुसार सहायता भी दी गई।

जिला बाल संरक्षण अधिकारी प्रकाश दास ने बताया कि किसी भी मुश्किल में घिरे बच्चे से मजदूरी करवाना उसकी मदद नहीं, बल्कि शोषण है। अगर कोई बच्चा भीख मांगता, कचरा बीनता या काम मांगता दिखे, तो उसकी सही मदद 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन पर कॉल करके की जा सकती है।

अभियान के दौरान टीम ने बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और सार्वजनिक जगहों पर बालश्रम के खिलाफ पोस्टर भी लगाए और दुकानदारों से अपील की कि वे बच्चों से काम न लें।

अधिकारियों ने आम लोगों से भी अनुरोध किया कि अगर उन्हें कहीं बालश्रम दिखे, तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें ताकि बच्चों का भविष्य सुरक्षित रह सके।

 

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button