अहमदाबाद विमान हादसा: 265 शव बरामद, PM मोदी ने किया घटनास्थल का दौरा

फ्लाइट टेकऑफ के 2 मिनट बाद हुआ दर्दनाक हादसा, DNA सैंपलिंग से हो रही पहचान

दिल्ली।  अहमदाबाद से लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 टेकऑफ के मात्र दो मिनट बाद गुरुवार दोपहर  को क्रैश हो गई। यह हादसा बीजे मेडिकल कॉलेज हॉस्टल की इमारत पर हुआ, जहां 50 से अधिक लोग मौजूद थे।

अब तक 265 शव बरामद किए जा चुके हैं। इनमें 241 लोग विमान में सवार थे और 5 मौतें हॉस्टल परिसर में हुई हैं। 4 MBBS छात्र और एक डॉक्टर की पत्नी के मारे जाने की पुष्टि हुई है। इस फ्लाइट में 230 यात्री सवार थे जिनमें 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और 1 कनाडाई नागरिक शामिल थे। इनमें 103 पुरुष, 114 महिलाएं, 11 बच्चे और 2 नवजात शामिल थे। इसके अलावा 12 क्रू मेंबर भी थे। गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की भी इस हादसे में मौत हो गई, जबकि सिर्फ एक यात्री की जान बच सकी है।

PM मोदी ने घटनास्थल और अस्पताल का दौरा किया

शुक्रवार सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अहमदाबाद पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले क्रैश साइट का निरीक्षण किया और फिर सिविल अस्पताल जाकर घायलों और मृतकों के परिजनों से मुलाकात की। पीएम के साथ केंद्रीय मंत्री सी.आर. पाटिल, गृह राज्य मंत्री हर्ष सांघवी और मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी मौजूद थे।

शवों की पहचान के लिए DNA सैंपलिंग शुरू

बहुत से शव बुरी तरह क्षतिग्रस्त हैं, जिससे उनकी पहचान मुश्किल हो रही है। इस कारण डीएनए सैंपलिंग के जरिए मृतकों की पहचान की जा रही है। अस्पताल में शवों को परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।

NSG और फोरेंसिक टीम मौके पर जांच में जुटी

क्रैश साइट पर तलाशी अभियान अभी भी जारी है। NSG, फोरेंसिक विशेषज्ञ और स्निफर डॉग्स की मदद से मलबे में दबे किसी जीवित व्यक्ति या साक्ष्य की तलाश की जा रही है। आज सुबह कुछ और अंग बरामद किए गए हैं।

एअर इंडिया ने हेल्प सेंटर शुरू किए

एअर इंडिया ने मृतकों के परिजनों की सहायता के लिए अहमदाबाद, दिल्ली, मुंबई और गैटविक एयरपोर्ट पर हेल्प सेंटर बनाए हैं। भारत से कॉल करने के लिए हेल्पलाइन नंबर 1800 5691 444 और विदेश से 8062779200 जारी किए गए हैं।

रिलायंस का रिलीफ ऑपरेशन में सहयोग का ऐलान

रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने हादसे पर गहरा दुख जताया है और कहा है कि रिलायंस रिलीफ ऑपरेशन्स में हर संभव सहायता प्रदान करेगा।

 

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई