15 महीने से नहीं मिला भुगतान: ठेकेदारों की हालत खराब, घरों में चूल्हा तक नहीं जल रहा

बिलासपुर:छत्तीसगढ़ में हमर क्लिनिक और उप स्वास्थ्य केंद्रों के निर्माण में लगे सैकड़ों ठेकेदारों की हालत बेहद खराब हो गई है। निर्माण कार्य पूरा हुए 15 महीने हो चुके हैं, लेकिन अब तक उन्हें मेहनताना नहीं मिला। ठेकेदारों का कहना है कि उन्होंने कर्ज लेकर काम कराया था, लेकिन सरकार की ओर से अब तक भुगतान नहीं हुआ, जिससे वे भारी आर्थिक संकट में हैं।

30 करोड़ से ज्यादा बकाया, 1000 से ज्यादा परिवार प्रभावित

राज्य सरकार ने 90 करोड़ से अधिक की लागत से 150 उप स्वास्थ्य केंद्र और 365 हमर क्लिनिक बनाने की योजना बनाई थी। इसके तहत ठेकेदारों ने कड़ी मेहनत से निर्माण कार्य पूरा किया। लेकिन आज की स्थिति यह है कि लगभग 200 ठेकेदारों को 30 करोड़ से अधिक की राशि नहीं मिली है। इससे 1000 से ज्यादा परिवारों की रोजी-रोटी पर संकट आ गया है।

झूठे आश्वासन, लेकिन नहीं हुआ भुगतान

बिलासपुर के सेंदरी स्थित सीजीएमएससी कार्यालय में अधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने मीडिया के सामने 10 से 15 दिन में भुगतान का आश्वासन दिया था। लेकिन अब 20 दिन से ज्यादा बीत चुके हैं और अभी तक कोई रकम नहीं आई। ठेकेदार न तो मजदूरों को पैसा दे पा रहे हैं और न ही अपने घर-परिवार की जरूरतें पूरी कर पा रहे हैं। अब यह समस्या धीरे-धीरे मानवीय संकट का रूप लेती जा रही है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button