रायपुर: शादी के रिसेप्शन में हमला, तोड़फोड़ और मारपीट, कई घायल

रायपुर। धरसीवा थाना क्षेत्र के नगर गांव में एक शादी के रिसेप्शन समारोह के दौरान बीती रात बड़ा हंगामा हो गया। यह घटना रात करीब 11 बजे हुई जब श्री रूपेंद्र के घर विवाह उपरांत रिसेप्शन का आयोजन किया गया था। समारोह में लगभग 80 से 100 लोग शामिल थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ स्थानीय असामाजिक लोग अचानक कार्यक्रम में आ धमके और पहले महिलाओं से गाली-गलौज करने लगे। जब पुरुषों ने इसका विरोध किया, तो विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। हमलावरों ने बेरहमी से लोगों के साथ मारपीट की, कई गाड़ियों को नुकसान पहुंचाया और कुछ को आग के हवाले भी कर दिया। इतना ही नहीं, दूल्हा-दुल्हन को मिले तोहफे और दहेज का सामान भी तोड़ दिया गया।
बताया जा रहा है कि यह पूरी घटना करीब 1 से 2 घंटे तक चली, लेकिन पुलिस मौके पर काफी देर से, लगभग रात 2:30 बजे पहुंची। तब तक हमलावरों ने काफी नुकसान कर दिया था। पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस के आने के बाद भी कुछ लोग पथराव और धमकी देते रहे, जिससे बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग बुरी तरह डर गए।
परिवार का कहना है कि यह हमला पूर्व नियोजित था और धार्मिक नफरत से प्रेरित लग रहा है। बताया जा रहा है कि पीड़ित परिवार मसीही समुदाय से है और उन पर ‘चंगाई सभा’ आयोजित करने का आरोप लगाकर हमला किया गया।
फिलहाल पीड़ितों ने पुलिस से सुरक्षा और हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी को एफआईआर दर्ज करने की अर्जी दी गई है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और लोग डरे हुए हैं।





