तेज आंधी से हादसा, दो की मौत, एक महिला घायल

मुंबई। महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में बुधवार शाम तेज आंधी ने तबाही मचाई। सिद्धार्थ गार्डन के पास एंट्री गेट पर बना एक ढांचा आंधी के चलते गिर गया, जिसकी चपेट में आने से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं, भगतसिंह नगर इलाके में तेज हवाओं के कारण एक पेड़ उखड़कर गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आने से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रशासन ने मौके पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया है। स्थानीय अधिकारियों ने स्थिति पर नजर रखते हुए सावधानी बरतने की अपील की है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी तेज हवाओं और आंधी की चेतावनी जारी की है, जिससे नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।





