फारूक अब्दुल्ला ने किए माता वैष्णो देवी के दर्शन, बोले – ‘यह मेरा सौभाग्य है’

दिल्ली। जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. फारूक अब्दुल्ला ने मंगलवार को माता वैष्णो देवी मंदिर के दर्शन किए। दर्शन के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा, “यह मेरा सौभाग्य है कि मुझे माता के दर्शन का अवसर मिला। माता के दर्शन के बाद मेरा हृदय मंत्रमुग्ध हो गया।” उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में यहां पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी, जिससे स्थानीय लोगों को आर्थिक लाभ मिलेगा।
केंद्र सरकार से समर्थन को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि उनकी पार्टी द्वारा उठाई गई सभी मांगों को केंद्र सरकार जरूर मानेगी। उन्होंने कहा, “हमारी केवल एक ख्वाहिश है कि जम्मू-कश्मीर में अमन-शांति बनी रहे। लोग चैन से रहें और कोई भी अपने नापाक मंसूबों को कामयाब न कर सके। सभी भाईचारे से आगे बढ़ें और भारत की तरक्की में भागीदार बनें।”
डॉ. अब्दुल्ला ने कटरा-श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के अनुभव को भी साझा किया। उन्होंने इसे “बहुत आरामदायक यात्रा” बताया और कहा कि इससे राज्य की आर्थिक गतिविधियों को नया बूस्टर डोज मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह ट्रेन पर्यटन को बढ़ावा देगी और श्रद्धालुओं की संख्या में इजाफा होगा, खासकर माता वैष्णो देवी और भोलेनाथ के भक्तों की संख्या में। इस अवसर पर फारूक अब्दुल्ला के साथ उप-मुख्यमंत्री सुरेंद्र चौधरी, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सतीश शर्मा और पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी उपस्थित थे।





