दिल्ली दौरे से लौटे सीएम विष्णुदेव साय, बोले – समय आने पर होगा कैबिनेट विस्तार

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शुक्रवार को दिल्ली दौरे से लौट आए हैं। उनके दिल्ली रवाना होते ही मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर अटकलें तेज हो गई थीं। लेकिन लौटते ही सीएम साय ने इन चर्चाओं पर फिलहाल विराम लगा दिया है। उन्होंने कहा कि कैबिनेट विस्तार “समय आने पर” किया जाएगा।

एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए सीएम साय ने बताया कि दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात हुई, जिसमें छत्तीसगढ़ की वर्तमान स्थिति पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि राज्य में हो रहे सकारात्मक बदलावों को साझा करने का मौका मिला, जो गर्व की बात है।

इस दौरान बोध घाट परियोजना और रिवर इंटरलिंकिंग जैसे अहम मुद्दों पर भी बातचीत हुई। सीएम साय ने बताया कि बोध घाट परियोजना से 125 मेगावाट बिजली का उत्पादन होगा और दोनों योजनाओं से बड़े पैमाने पर सिंचाई सुविधा मिलेगी।

नक्सलवाद पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य के जवान मजबूती से नक्सलियों का मुकाबला कर रहे हैं। इस पर पीएम मोदी ने सराहना की है। वहीं, ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर सीएम ने भी पीएम को बधाई दी।

फिलहाल कैबिनेट में दो पद खाली हैं, लेकिन मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि कैबिनेट विस्तार के बारे में जब सही समय होगा, तब निर्णय लिया जाएगा।

 

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button