हाईवे में दूध की लूट, मदद के लिए तरसते रहे टैंकरकर्मी; पढ़े पूरा मामला….

बागपत। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के चांदीनगर थाना क्षेत्र में एक दूध से भरे टैंकर के पलटने के बाद वहां असामान्य दृश्य देखने को मिला। मुज़फ्फरनगर से बागपत आ रहे टैंकर का एक मोड़ पर संतुलन बिगड़ने से पलट गया। टैंकर चालक घायल हो गया, लेकिन हादसे के बाद लोग मदद करने की बजाय बाल्टी, डिब्बे, गैलन लेकर मौके पर पहुंच गए और दूध लूटने लगे।
इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि लोग दूध में बर्तन डुबोकर भर रहे हैं, जबकि कई लोग लाइन में खड़े अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। बच्चे, बूढ़े, महिलाएं सभी दूध की लूट में शामिल हो गए। भीड़ इतनी बड़ी हो गई कि टैंकर के पास से लेकर सड़क पर कई मीटर तक लोग जमा हो गए। लोग बाइक और साइकिल से भी दूध लेने के लिए पहुंच रहे थे।
टैंकर चालक के भाई ने बताया कि मोड़ पर गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया था, जिससे टैंकर पलट गया और चालक घायल हो गया। घटना के बाद भीड़ ने दूध लूटना शुरू कर दिया। पुलिस ने भी इस बात की पुष्टि की है कि टैंकर अनियंत्रित होकर पलटा और आसपास के लोग दूध लूटने के लिए मौके पर इकट्ठा हो गए। यह घटना ग्रामीणों की हालात और उनके जीवन स्तर को दर्शाती है, जहां ऐसी परिस्थिति में भी लोग एक-दूसरे के साथ प्रतिस्पर्धा में लिप्त हो जाते हैं। इस घटना ने एक बार फिर गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की समस्याओं को उजागर किया है।





