उत्तर भारत में फिर बढ़ेगी गर्मी, कई राज्यों में हीटवेव का अलर्ट

दिल्ली। देश के उत्तरी और मध्य हिस्सों में गर्मी ने एक बार फिर तेज़ी पकड़ ली है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और बिहार में अगले दो दिनों में तापमान 5 डिग्री तक बढ़ सकता है और लू चलने की आशंका है। बीकानेर संभाग में तापमान 45-46 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है और धूल भरी हवाएं 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से चल सकती हैं।
राजस्थान के कई जिलों, खासकर बीकानेर, जैसलमेर और बाड़मेर में लू के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं पंजाब, यूपी और एमपी में भी गर्मी तेज हो गई है। यूपी में 9 जून से लू चलने और तापमान में 5-6 डिग्री की वृद्धि का अनुमान है। एमपी के ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में 9-10 जून को लू का असर दिखेगा। बिहार में तापमान 3-4 डिग्री बढ़ सकता है और मानसून 10 जून के बाद ही पहुंचेगा।
इस बीच, पूर्वोत्तर भारत के अरुणाचल प्रदेश में बाढ़ से हालात कुछ सुधरे हैं लेकिन चांगलांग क्षेत्र अब भी प्रभावित है। वहीं आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु, महाराष्ट्र और पुडुचेरी में अगले एक सप्ताह तक बारिश और आंधी-तूफान की चेतावनी है। छत्तीसगढ़ में मानसून नारायणपुर के आगे नहीं बढ़ पा रहा है और बस्तर में तीन दिन तक गर्मी बढ़ने का अनुमान है। झारखंड के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन गर्मी अब भी बनी हुई है। हिमाचल में भी तापमान में बढ़ोतरी जारी है।




