ईद-उल-अजहा: पीएम ने दी बधाई, पांच राज्यों में पुलिस अलर्ट मोड में, ड्रोन से निगरानी

दिल्ली। देशभर में आज (7 जून 2025) ईद-उल-अजहा यानी बकरीद का पर्व उल्लास और धार्मिक श्रद्धा के साथ मनाया गया। दिल्ली, भोपाल, गुवाहाटी, श्रीनगर, अहमदाबाद, पटना, जयपुर, कोयंबटूर, विजयवाड़ा और अजमेर समेत कई शहरों में हजारों लोगों ने मस्जिदों और ईदगाहों में सामूहिक नमाज अदा की।
उत्तर प्रदेश में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर और संभल जैसे संवेदनशील जिलों में पुलिस ने ड्रोन से निगरानी रखी और मस्जिदों के पास भारी पुलिस बल तैनात किया गया। भीड़भाड़ वाले इलाकों में रूट डायवर्जन और बैरिकेडिंग की गई।
पीएम ने दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईद की बधाई देते हुए कहा, “ईद-उल-अजहा का यह पावन अवसर समाज में सौहार्द और शांति के बंधन को मजबूत करे। सभी को अच्छे स्वास्थ्य और समृद्धि की शुभकामनाएं।” अजमेर शरीफ दरगाह में फूल चढ़ाने और दुआ करने वालों की भीड़ उमड़ी। वहीं, आगरा में ताजमहल परिसर में भी लोगों ने विशेष नमाज अदा की। दिल्ली की जामा मस्जिद में मुस्लिम नेता यासिर जिलानी ने नमाज अदा की और लोगों को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी।
जम्मू-कश्मीर से लेकर केरल तक, हर राज्य में त्योहार के उल्लास के साथ भाईचारे का संदेश देखने को मिला। सामूहिक कुर्बानी और जरूरतमंदों को मांस वितरण की परंपरा भी निभाई गई। प्रशासन ने शांतिपूर्ण त्योहार सुनिश्चित करने के लिए कानून व्यवस्था पर खास ध्यान दिया। कोई अप्रिय घटना सामने नहीं आई, जिससे बकरीद शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।





