कोर्ट की हवालात में कैदी की गला दबाकर हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली। दक्षिण दिल्ली स्थित साकेत कोर्ट की हवालात में गुरुवार को एक अंडर ट्रायल कैदी की गला दबाकर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, यह हत्या आपसी रंजिश के चलते की गई।
मृतक कैदी की पहचान 24 वर्षीय अमन के रूप में हुई है, जो गोविंदपुरी का निवासी था। अमन को हत्या के एक मामले में कोर्ट में पेशी के लिए लाया गया था। घटना 5 जून को तब हुई जब अमन हवालात में अन्य अंडर ट्रायल कैदियों के साथ मौजूद था। इसी दौरान दो कैदियों जितेंद्र उर्फ जिट्टे और जयदेव उर्फ बच्चा ने अचानक अमन पर हमला कर दिया।
उन्होंने अमन का गला पैरों से दबाकर उसकी हत्या कर दी। मृतक अमन और उसके साथी विजय पर 2017 में गांधी नामक एक व्यक्ति की हत्या का आरोप था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। डीसीपी अंकित चौहान ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है। कोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।





