खाद्यान्न गड़बड़ी पर बड़ी कार्रवाई: बिलासपुर में चार पीडीएस दुकानें निलंबित

बिलासपुर। गरीबों को मिलने वाले सरकारी खाद्यान्न में गड़बड़ी करने वालों पर खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जिले में चार उचित मूल्य दुकानों में भारी अनियमितता पाए जाने के बाद उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
विभाग द्वारा खबरों के आधार पर किए गए भौतिक सत्यापन में बिरकोना स्थित सेवा सहकारी समिति द्वारा संचालित दुकान के विक्रेता दिनेश यादव के खिलाफ गड़बड़ी की पुष्टि हुई। जांच में दुकान से 109.27 किलो चावल कम पाया गया, जिसकी कीमत करीब 4.58 लाख रुपये आंकी गई है।
इसी तरह नगर निगम बिलासपुर क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 46, गणेश नगर स्थित उपभोक्ता भंडार में चावल 78.78 क्विंटल और शक्कर 1.01 क्विंटल कम मिला। इसका बाजार मूल्य लगभग 3.35 लाख रुपये है।
इन गड़बड़ियों को गंभीरता से लेते हुए खाद्य नियंत्रक बिलासपुर ने संबंधित दुकानों के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई की है। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि जनहित से जुड़ी योजनाओं में गड़बड़ी करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल जांच जारी है और अन्य दुकानों की भी सघन निगरानी की जा रही है।





