विराट कोहली ने रोहित शर्मा पर कसा तंज? बोले – मैं सिर्फ इंपैक्ट प्लेयर नहीं बन सकता

आईपीएल 2025 का खिताब जीतने के बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के स्टार खिलाड़ी विराट कोहली ने एक बड़ा बयान दिया है, जिससे क्रिकेट जगत में हलचल मच गई है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि वे भविष्य में आईपीएल में केवल ‘इंपैक्ट प्लेयर’ के रूप में खेलना नहीं चाहेंगे, क्योंकि उन्हें मैदान में पूरे 20 ओवर फील्डिंग करना पसंद है।

पंजाब किंग्स के खिलाफ फाइनल जीतने के बाद जब विराट कोहली ने मैथ्यू हेडन से बात की, तो उन्होंने कहा, “मुझे इस खेल को खेलने का ज्यादा वक्त नहीं मिलेगा। जब मैं क्रिकेट से संन्यास लूं, तो मैं खुद से कह सकूं कि मैंने अपना सब कुछ झोंक दिया। मैं सिर्फ एक इंपैक्ट प्लेयर बनकर नहीं खेल सकता। मुझे फील्ड में रहना अच्छा लगता है, टीम के लिए योगदान देना मेरी प्राथमिकता है।”

हालांकि सोशल मीडिया पर इस बयान को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं आ रही हैं, जहां कई लोग इसे रोहित शर्मा पर तंज मान रहे हैं, वहीं क्रिकेट पंडितों का कहना है कि विराट ने ऐसा कोई सीधा इशारा नहीं किया है।

गौरतलब है कि आईपीएल 2025 में मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा को कुछ मैचों में ‘इंपैक्ट प्लेयर’ के तौर पर देखा गया। वहीं विराट कोहली ने पूरे टूर्नामेंट में बतौर नियमित खिलाड़ी मैदान में उतरकर अपनी बल्लेबाजी और फील्डिंग से टीम की जीत में अहम योगदान दिया।

इस सीजन में पहली बार आरसीबी ने आईपीएल का खिताब जीता है। टीम ने फाइनल मुकाबले में पंजाब किंग्स को 6 रन से हराया। विराट ने इस मैच में 43 रनों की मूल्यवान पारी खेली, जबकि पंजाब की ओर से शशांक सिंह ने 61* रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।

विराट के इस बयान ने उनके जुनून, टीम भावना और मैदान में उनकी सक्रियता को एक बार फिर सबके सामने ला दिया है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button