पति ने पत्नी के नाक-स्तन को काटा, प्राइवेट पार्ट पर किया चाकू से हमला

राजगढ़। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पाडल्या माताजी गांव में रहने वाली 35 वर्षीय सावित्री बाई पर उसके पति कमल वर्मा ने बर्बर हमला कर दिया। चरित्र शंका में पति ने पहले पत्नी की नाक काट दी, फिर एक स्तन को 50 प्रतिशत से ज्यादा काट डाला और चाकू से उसके गुप्तांग पर भी वार किया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घायल महिला को पहले सारंगपुर सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए शाजापुर रेफर किया गया। महिला ने बताया कि उसका पति अक्सर उस पर चरित्र को लेकर शक करता था और आए दिन झगड़ा करता था। मंगलवार को दोपहर करीब दो बजे पति ने अचानक उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।
लिमाचौहान थाना प्रभारी अनिल राहोरिया ने बताया कि आरोपी पति अपनी पत्नी को कुरूप दिखाने के इरादे से उसकी नाक काटना चाहता था। पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 85 और 109 के तहत हत्या की कोशिश और हमला करने का मामला दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी कमल वर्मा फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है।





