ईरान में किडनैप हुए तीनों भारतीय सुरक्षित रेस्क्यू, जल्द लौटेंगे भारत

दिल्ली। ईरान में किडनैप हुए तीनों भारतीय सुरक्षित बचाए गए हैं और वे जल्द ही भारत लौटेंगे। पिछले महीने ईरान में अचानक लापता हुए तीन भारतीय नागरिकों की करीब एक महीने की खोजबीन के बाद तेहरान पुलिस ने उन्हें सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया है। यह जानकारी भारतीय दूतावास ने मंगलवार को दी।

तीनों भारतीय पंजाब के रहने वाले हैं, जिनकी पहचान हुसनप्रीत सिंह, जसपाल सिंह और अमृतपाल सिंह के रूप में हुई है। वे ईरान पहुंचते ही किडनैप कर लिए गए थे। बाद में उनके परिवार से फिरौती की मांग भी की गई थी। जैसे ही परिवार को इस घटना की जानकारी मिली, उन्होंने तुरंत सरकार को सूचित किया।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ये तीनों युवक पंजाब के संगरूर, नवांशहर और होशियारपुर जिले से हैं। वे एक अवैध ट्रैवल एजेंट के झांसे में आ गए थे, जिसने उन्हें ऑस्ट्रेलिया में वर्क परमिट दिलाने का झांसा दिया था। इसके चलते वे डंकी रूट से ईरान पहुंचे, जहां उन्हें अगवा कर लिया गया।

भारतीय विदेश मंत्रालय ने इस मामले की जानकारी मिलते ही ईरान सरकार से संपर्क कर तीनों की खोजबीन शुरू करवाई। तेहरान पुलिस की सक्रियता और सहयोग से ये भारतीय सुरक्षित पाए गए। इसके अलावा, ईरानी दूतावास ने भी सभी भारतीय नागरिकों को सलाह दी है कि वे अवैध ट्रैवल एजेंट्स के झांसे में न आएं और सतर्क रहें।

इस घटना ने अवैध प्रवास और ट्रैवल एजेंट्स की समस्या पर फिर से ध्यान आकर्षित किया है। अब तीनों भारतीय नागरिक जल्द ही सुरक्षित भारत लौटेंगे और उनके परिवार वालों को राहत मिली है। सरकार भी इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए कड़ी निगरानी बढ़ा रही है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button