रायपुर: विधायक सावित्री मंडावी ने जेल में बंद कवासी लखमा से की मुलाकात

रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा से रायपुर केंद्रीय जेल में सोमवार को कांग्रेस विधायक सावित्री मंडावी ने मुलाकात की। उनके साथ कांग्रेस नेता कोको पाढ़ी और हरीश कवासी भी मौजूद रहे।
बता दें कि कवासी लखमा को ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) ने 2000 करोड़ रुपये के शराब घोटाले के मामले में गिरफ्तार किया है। 15 जनवरी को वे पूछताछ के लिए ईडी दफ्तर पहुंचे थे, जहां उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। इससे पहले ईडी ने उनसे दो बार, करीब आठ-आठ घंटे तक पूछताछ की थी। यह तीसरी बार था, जब पूछताछ के बाद गिरफ्तारी हुई।
गिरफ्तारी से पहले लखमा ने मीडिया से कहा था, “मुझे पूछताछ के लिए बुलाया गया, इसलिए आया हूं। देश कानून के हिसाब से चलता है। अगर 25 बार भी बुलाएंगे, तो भी आऊंगा। जो भी सवाल पूछे जाएंगे, उनका जवाब दूंगा।”
ईडी ने लखमा और उनके बेटे हरीश लखमा के ठिकानों पर 28 दिसंबर को छापा मारा था। इस दौरान नगद लेनदेन से जुड़े कुछ दस्तावेज और सबूत मिलने की बात कही गई थी। पूछताछ के दौरान ईडी ने लखमा के चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) को भी बुलाया था, लेकिन वह मौजूद नहीं थे।
फिलहाल कवासी लखमा रायपुर जेल में बंद हैं और मामले की जांच जारी है।





