रायपुर: बिजली बिल को लेकर भाई ने की हत्या की कोशिश, हालत नाजुक

रायपुर। शहर के गुढ़ियारी इलाके से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां बिजली बिल को लेकर दो भाइयों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस झगड़े में बड़े भाई ने छोटे भाई पर हथौड़े से हमला कर दिया, जिससे उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

घटना अशोक नगर स्थित दुर्गा चौक की है। घायल युवक का नाम दुर्गा तिवारी है, जो रात में अपने कमरे में सोया हुआ था। रात करीब 1:30 से 2:00 बजे के बीच दुर्गा का बड़ा भाई पुरषोत्तम तिवारी (35 वर्ष) उस पर हथौड़े से हमला करने लगा। इसी दौरान बगल के कमरे में सो रही बहन रुक्मणि तिवारी (40 वर्ष) ने आवाजें सुनकर जब लाइट जलाई तो देखा कि पुरषोत्तम अपने भाई दुर्गा पर हथौड़े से वार कर रहा है।

जब बहन चिल्लाई तो आरोपी ने उस पर भी हमला करने की कोशिश की, लेकिन वह किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रही। इसके बाद वह भारत माता चौक पहुंची और वहां गश्त कर रही पुलिस टीम को पूरी घटना की जानकारी दी।

पुलिस जब मौके पर पहुंची तो आरोपी ने घर के मुख्य गेट को बाहर से ताले से बंद कर दिया था। गेट तोड़कर पुलिस ने गंभीर रूप से घायल दुर्गा को निकाला और डायल 112 की मदद से मेकाहारा अस्पताल पहुंचाया गया। हालत बिगड़ने पर उसे DKS अस्पताल रेफर किया गया, जहां वह अब वेंटिलेटर पर है।

पुलिस को जांच में पता चला कि दो दिन पहले 2100 रुपये के बिजली बिल को लेकर भाइयों में विवाद हुआ था, जो इस हिंसक हमले की वजह बना। बहन की शिकायत पर थाना गुढ़ियारी में आरोपी के खिलाफ धारा 109 BNS के तहत केस दर्ज किया गया है। आरोपी पुरषोत्तम तिवारी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

 

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button