सावधानी बरतें: ट्रंप की मैक्रों को सलाह, पत्नी संग वायरल वीडियो पर मचा बवाल

पेरिस:फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और उनकी पत्नी ब्रिगिट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों वियतनाम यात्रा के दौरान विमान से उतरते दिखाई देते हैं। वीडियो में एक अजीब क्षण कैमरे में कैद हुआ, जिसने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है।

वीडियो में देखा गया कि जैसे ही विमान का दरवाजा खुला, राष्ट्रपति मैक्रों दरवाजे के एकदम सामने खड़े थे और अचानक उनकी पत्नी ब्रिगिट ने उनके चेहरे को हाथ से हल्का धक्का दिया। इसके तुरंत बाद मैक्रों ने नीचे मौजूद मीडिया की ओर हाथ हिलाया। इस अप्रत्याशित दृश्य ने लोगों का ध्यान खींचा और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

इस घटना पर अब अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। ओवल ऑफिस में एक प्रेस कार्यक्रम के दौरान जब ट्रंप से इस वीडियो को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा, “वो दोनों बहुत अच्छे लोग हैं, जिन्हें मैं अच्छी तरह से जानता हूं और मुझे नहीं पता कि यह सब क्या था। लेकिन मेरी सलाह है — सुनिश्चित करें कि दरवाजा बंद हो।”

वीडियो को लेकर शुरुआत में फ्रांसीसी राष्ट्रपति कार्यालय एलिसी पैलेस ने इसे फर्जी बताया, लेकिन बाद में वीडियो की सत्यता की पुष्टि कर दी गई। इसमें यह भी दिखा कि सीढ़ियां उतरते समय मैक्रों ने पत्नी का हाथ पकड़ने की कोशिश की, लेकिन ब्रिगिट ने उनका हाथ नहीं थामा।

विवाद को शांत करने की कोशिश में राष्ट्रपति मैक्रों ने खुद सामने आकर सफाई दी। उन्होंने कहा कि यह एक मजाकिया पल था जिसे गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। मैक्रों ने कहा कि वो और उनकी पत्नी उस समय बस हंसी-मजाक कर रहे थे और यह घटना सोशल मीडिया पर गलत तरीके से फैल गई।

बता दें कि मैक्रों और ब्रिगिट की प्रेम कहानी भी हमेशा चर्चा में रही है। ब्रिगिट उनकी स्कूल टीचर थीं और वहीं दोनों के बीच संबंध शुरू हुए थे। 2007 में उन्होंने शादी की थी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button