डिप्टी कलेक्टर बनकर युवती से पैसे वसूलने पहुंचे दो युवक गिरफ्तार

दुर्ग : जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ डिप्टी कलेक्टर बनकर एक युवती से एक लाख रुपये की मांग की गई। पुलिस ने इस मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से एक पीड़िता का पूर्व प्रेमी है।
पीड़िता एक निजी कॉलेज में पढ़ाई करती है। उसने अंजोरा चौकी में शिकायत दर्ज कराई है कि उसका पूर्व प्रेमी वैभव भारती ब्रेकअप के बाद उसे सोशल मीडिया पर अश्लील मैसेज भेजता था। जब युवती ने उसका नंबर ब्लॉक कर दिया, तो उसने डराने-धमकाने का रास्ता अपनाया।
बीती रात कॉलेज के बाहर जब पीड़िता अपने दोस्तों के साथ खड़ी थी, तभी एक कार उसके पास आकर रुकी, जिस पर ‘डिप्टी कलेक्टर’ की नेम प्लेट लगी हुई थी। कार से वैभव भारती और उसका दोस्त प्रियम जैन उतरे और युवती से एक लाख रुपये की मांग करने लगे। पैसे नहीं देने पर उन्होंने युवती को बदनाम करने और जान से मारने की धमकी दी।
घबराई पीड़िता ने तुरंत अंजोरा चौकी जाकर पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने तुरंत नाकेबंदी कर आरोपियों की कार को रोका और दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी युवकों ने सरकारी पद का झूठा इस्तेमाल कर युवती को डराने की कोशिश की, जो एक गंभीर अपराध है।





