मणिपुर में 15 जून तक नई सरकार बनने की संभावना, 10 विधायकों ने राज्यपाल से की मुलाकात

दिल्ली। मणिपुर में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं और 15 जून तक नई सरकार बनने की संभावनाएं जताई जा रही हैं। बुधवार को राज्य के 10 विधायकों ने राज्यपाल अजय कुमार भल्ला से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया।
राजभवन पहुंचे विधायकों में 8 भाजपा, एक NPP और एक निर्दलीय विधायक शामिल हैं। एक विधायक ने जानकारी दी कि सरकार के ढांचे को लेकर गंभीर चर्चा हुई है और 15 जून तक नई सरकार के गठन की पूरी संभावना है। राज्य विधानसभा अध्यक्ष सत्यव्रत को भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने दिल्ली बुलाया है और वे रवाना हो चुके हैं। इससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि पार्टी नेतृत्व जल्द सरकार गठन की दिशा में अंतिम फैसला ले सकता है।
60 सीटों वाली विधानसभा, बहुमत का आंकड़ा 31
मणिपुर विधानसभा में कुल 60 सीटें हैं और सरकार बनाने के लिए 31 विधायकों का समर्थन जरूरी है। राज्य में 13 फरवरी से राष्ट्रपति शासन लागू है।
पूर्व मुख्यमंत्री बीरेन सिंह ने हिंसा के चलते दिया था इस्तीफा
पूर्व मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने 9 फरवरी को इस्तीफा दिया था। उन पर कुकी-मैतेई हिंसा को रोकने में विफल रहने का आरोप था।
हिंसा में अब तक 300 मौतें, 70 हजार से अधिक विस्थापित
3 मई 2023 से जारी हिंसा में अब तक 300 से अधिक लोगों की मौत, 1500 से ज्यादा घायल और 70,000 से अधिक लोग बेघर हो चुके हैं। 6 हजार से अधिक एफआईआर दर्ज की गई हैं। विपक्ष लगातार इस मुद्दे पर केंद्र सरकार से जवाब मांग रहा है।





