नौतपा में ही झमाझम बारिश: बस्तर पहुंचा मॉनसून, छत्तीसगढ़ में ठंडक

रायपुर। इस बार नौतपा में ही छत्तीसगढ़ में मॉनसून ने दस्तक दे दी है। मौसम विभाग के अनुसार, मॉनसून बस्तर पहुँच चुका है और जल्द ही पूरे राज्य में सक्रिय हो जाएगा। यह अनुमान से 13 दिन पहले आया है, क्योंकि पहले इसके 10 जून तक पहुँचने की संभावना जताई गई थी। पिछले साल, 8 जून को बस्तर में मॉनसून ने दस्तक दी थी।

बारिश से गिरा तापमान

पिछले 24 घंटों में हुई बारिश से प्रदेश के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। पेण्ड्रा रोड में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 36.3°C और सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.4°C रिकॉर्ड किया गया।

कहाँ कितनी बारिश?

पिछले 24 घंटों में सुहेला, बस्तर से लेकर देवभोग तक कई इलाकों में बारिश हुई है। सुहेला में 6 सेंटीमीटर, देवभोग, बकावंड, भैरमगढ़ और माकड़ी में 4-4 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं, बस्तर, धनोरा, जगदलपुर, नानगुर और भोपालपट्टनम में 3-3 सेंटीमीटर पानी गिरा। इसके अलावा, दरभा, रतनपुर, कुमरदा, नारायणपुर, भाटापारा में 2-2 सेंटीमीटर और तोकापाल, कोहकामेटा, भानुप्रतापुर, अमलीपदर, लवन, अर्जुंदा, प्रेमनगर और तमनार में 1-1 सेंटीमीटर बारिश हुई है।

आज भी भारी बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने आज भी एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है। राजधानी रायपुर में भी बादल छाए हुए हैं और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की उम्मीद है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button