बालोद में खौफनाक वारदात: तंत्र-मंत्र के चक्कर में बैगा की बेरहमी से बलि!

बालोद: बालोद जिले के हल्दी थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां सिर्राभाठा गांव में तंत्र-मंत्र के नाम पर एक बैगा की गला रेतकर हत्या कर दी गई। इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने में एक तांत्रिक और घर के सदस्यों का हाथ बताया जा रहा है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, सिर्राभाठा निवासी तिहारू राम निषाद ने अपने घर में तंत्र क्रिया करवाने के लिए डौंडी से एक तांत्रिक को बुलाया था। सोमवार की सुबह से ही घर में तांत्रिक अनुष्ठान चल रहा था। इसी दौरान तिहारू राम ने गांव के बैगा पुनीत राम गोंड़ को अपने घर बुलाया।
बताया जा रहा है कि बैगा पुनीत राम को पूजा में बैठाने से पहले नहलाया गया। इसके बाद उन्हें कच्चा चावल दिया गया और फिर बेरहमी से उनकी गला रेतकर हत्या कर दी गई। इस जघन्य अपराध में तांत्रिक के साथ-साथ तिहारू राम का परिवार भी शामिल था।
ग्रामीणों ने पकड़ी वारदात, पुलिस मौके पर
जब घटना की जानकारी ग्रामीणों को मिली और वे मौके पर पहुंचे, तो आरोपी तांत्रिक ने उन्हें भी हथियार लेकर डराने और मारने की कोशिश की। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और आरोपी तांत्रिक सहित घर के सदस्यों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस को घर के अंदर पूजा कक्ष से एक भाला मिला है। पूरे कमरे में चावल, नींबू, सिंदूर और तंत्र-मंत्र से जुड़ी सामग्री बिखरी पड़ी थी, जो इस जघन्य कांड की गवाही दे रही थी। पुलिस अब इस मामले की गहराई से जांच कर रही है।





