कार्टून के भेष में चोरों ने की बड़ी चोरी, CCTV में कैद हुई वारदात

बिलासपुर :मस्तूरी थाना क्षेत्र के जयरामनगर में एक हैरान कर देने वाली चोरी की घटना सामने आई है। यहां पांच चोरों ने कार्टून कैरेक्टर के भेष में आकर एक ज्वेलरी शॉप को निशाना बनाया और लाखों रुपये की ज्वेलरी लेकर फरार हो गए।
यह वारदात जयरामनगर स्थित संजय ज्वेलर्स की है, जहां चोर रात के समय दुकान में घुसे। खास बात यह रही कि सभी चोरों ने कार्टून जैसे कपड़े पहन रखे थे, जिससे वे आसानी से पहचान में न आ सकें। चोरी की पूरी घटना दुकान में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।
CCTV फुटेज में साफ दिख रहा है कि पांच चोरों की टीम ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है।
फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज की मदद से चोरों की पहचान करने में जुटी है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा कर रही है।





