देशभर में मौसम का कहर: 49 फ्लाइट डायवर्ट, गाजियाबाद में SI की मौत
दिल्ली-NCR में आंधी-बारिश से जनजीवन प्रभावित

दिल्ली। देश में मौसम के बदलाव से जन जीवन अस्त व्यस्त है। रविवार सुबह राजधानी दिल्ली और एनसीआर में तेज आंधी और बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। मिंटो रोड, महिपालपुर और एयरपोर्ट टर्मिनल-1 समेत कई इलाकों में जलभराव से बाढ़ जैसे हालात बन गए। बारिश और तेज हवाओं के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर 100 से अधिक फ्लाइट प्रभावित हुईं, जिनमें से 49 फ्लाइट्स को डायवर्ट करना पड़ा।

गाजियाबाद में आंधी के दौरान ACP ऑफिस की छत गिरने से SI वीरेंद्र मिश्रा गंभीर रूप से घायल हो गए और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। उधर, हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में शनिवार शाम बादल फटने से बाढ़ आ गई और 25 से ज्यादा वाहन बह गए। हिंदुस्तान-तिब्बत रोड और NH-5 पर मलबा आने से रास्ता बंद हो गया।

आज से नौतपा शुरू हो गया है, जो 2 जून तक चलेगा। इस दौरान देश के कई हिस्सों में तेज गर्मी रहती है, लेकिन इस बार बारिश का भी असर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने देश के 21 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, हरियाणा और पंजाब में भी बारिश, तेज हवाओं और ओलों का असर देखा गया। मानसून ने इस साल समय से 8 दिन पहले केरल में दस्तक दी है और 4 जून तक मध्य प्रदेश और उत्तर भारत पहुंचने की संभावना जताई गई है।





