देश में फिर डराने लगा कोरोना, बढ़ते ग्राफ के चलते सरकार अलर्ट मोड़ में

दिल्ली। कोरोना वायरस एक बार फिर देश में चिंता का विषय बनता जा रहा है। दिल्ली, केरल, कर्नाटक, गुजरात और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में कोविड-19 के मामलों में वृद्धि देखी गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, वर्तमान में देश में कुल 312 सक्रिय मामले दर्ज किए गए हैं। अकेले केरल में 95, तमिलनाडु में 66 और महाराष्ट्र में 56 नए केस सामने आए हैं। वहीं, दिल्ली में अब तक 23 संक्रमित मरीज पाए गए हैं।
दिल्ली सरकार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी अस्पतालों को अलर्ट पर रखा है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि अस्पतालों को मास्क पहनने, जांच और निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सभी अस्पतालों में बेड, दवा, ऑक्सीजन, वेंटिलेटर और टीकों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
गाजियाबाद में भी कोरोना के 4 मरीज मिले हैं, जिनमें एक युवती और एक दंपती शामिल हैं। सभी मरीजों की ट्रैवल हिस्ट्री की जांच की जा रही है। यूपी, हरियाणा और गुजरात में भी पिछले 48 घंटों में नए मामलों में इजाफा हुआ है। कोरोना के नए वैरिएंट JN.1 और उसके सब-वैरिएंट LF7 व NB1.8 को मौजूदा मामलों के लिए जिम्मेदार माना जा रहा है। हालांकि इसकी गंभीरता को लेकर अब तक स्पष्ट जानकारी नहीं है। सरकार ने जीनोम सीक्वेंसिंग की प्रक्रिया तेज कर दी है और कहा है कि घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन सतर्कता जरूरी है।






