पहाड़ी कोरवा ग्राम पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, जनजातीय परिवार ने किया पारंपरिक स्वागत

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सोमवार को सुशासन तिहार कार्यक्रम के तहत बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के दूरस्थ पहाड़ी कोरवा गांव हरगवां ढोढरीकला पहुंचे। वहां ग्रामीणों ने उनका पारंपरिक तरीके से सरई फूलों की माला पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया।

मुख्यमंत्री ने गांव में चौपाल लगाकर ग्रामीणों से संवाद किया और पीएम जनमन योजना के तहत बने आवासों का निरीक्षण किया। उन्होंने हितग्राही लहंगू पहाड़ी कोरवा के घर जाकर आवास की गुणवत्ता देखी और परिवार से बातचीत की।

मुख्यमंत्री खाट पर बैठकर लहंगू और उनके परिवार से सहजता से मिले और उनके जीवन, संस्कृति और दिनचर्या के बारे में जानकारी ली। लहंगू ने बताया कि पहले कच्चे मकान में बहुत दिक्कतें होती थीं, लेकिन अब पक्के घर में रहकर सुरक्षित महसूस करते हैं।

इस मौके पर मुख्यमंत्री को सरई पत्तों से बने दोने-पत्तल में तेंदू, चार, लीची जैसे मौसमी फल और आम पना परोसा गया। लहंगू की पत्नी दरसी ने उन्हें अपने हाथों से बनी छिंद की चटाई, रागी, कुटकी और कटहल उपहार में दिए, जिसे मुख्यमंत्री ने ससम्मान स्वीकार किया।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने श्रीमती भूखना के घर जाकर उनके नए आवास का भी अवलोकन किया। दौरे के दौरान मुख्यमंत्री का ग्रामीणों से जुड़ाव और आत्मीय व्यवहार सभी के बीच चर्चा का विषय रहा।

 

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button