बिलासपुर: अब हरित गाड़ियों से उठेगा कचरा, सफाई व्यवस्था होगी हाईटेक और ग्रीन

बिलासपुर। शहर को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। अब शहर की सड़कों पर धुआं उगलती डीजल गाड़ियों की जगह शोर रहित और हरित इलेक्ट्रिक गाड़ियां सफाई का काम करेंगी।
नगर निगम और रामकी कंपनी मिलकर सफाई व्यवस्था को पूरी तरह इलेक्ट्रिक बनाने जा रहे हैं। इसके तहत कुल 156 इलेक्ट्रिक कचरा गाड़ियां शहर में चलाई जाएंगी। रामकी कंपनी अपनी 100 पुरानी डीजल गाड़ियों को इलेक्ट्रिक से बदलेगी, जबकि नगर निगम आउटर एरिया के लिए 56 नई ईवी (इलेक्ट्रिक व्हीकल) खरीदेगा। ये सभी गाड़ियां घर-घर कचरा संग्रहण के लिए उपयोग की जाएंगी।
इससे न सिर्फ वातावरण साफ रहेगा, बल्कि डीजल पर होने वाला खर्च और मेंटेनेंस का झंझट भी कम होगा। नगर निगम ने बताया कि इलेक्ट्रिक गाड़ियों की खरीदी प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और अगले 6 महीनों में ये गाड़ियां सड़कों पर दौड़ती नजर आएंगी।
सफाई के साथ-साथ पब्लिक ट्रांसपोर्ट को भी ग्रीन बनाया जा रहा है। जल्द ही बिलासपुर में 50 इलेक्ट्रिक बसें (35 बड़ी और 15 छोटी) चलेंगी। इन बसों के लिए कोनी में एक अत्याधुनिक डिपो तैयार किया जा रहा है, जिसमें चार्जिंग स्टेशन, वर्कशॉप और ऑफिस शामिल होंगे। इस पूरे प्रोजेक्ट की लागत 11.45 करोड़ रुपये आंकी गई है।
नगर निगम के इन कदमों से बिलासपुर को एक नई पहचान मिलेगी और शहर ग्रीन सिटी बनने की ओर तेजी से आगे बढ़ेगा। यह पहल पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य सुधार और स्मार्ट ट्रांसपोर्ट की दिशा में एक सराहनीय प्रयास है।





