भालू के हमले में महिला की मौत, गांव में गुस्सा

सूरजपुर:छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के चिकनी गांव में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। सोमवार सुबह करीब 7 से 8 बजे के बीच तेंदूपत्ता तोड़ने गई फूलमती सिंह धुर्वे (32) पर एक भालू ने हमला कर दिया। भालू के हमले में फूलमती की मौके पर ही मौत हो गई।
जैसे ही गांव वालों को घटना की जानकारी मिली, वे तुरंत जंगल पहुंचे। घटना से पूरे इलाके में शोक और गुस्से का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि वन विभाग समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाता, जिससे ऐसे हादसे बार-बार हो रहे हैं।
फूलमती अपने परिवार की आर्थिक रीढ़ थीं। उनकी मौत से उनके पति कैलाश सिंह धुर्वे और परिवार के अन्य सदस्य गहरे सदमे में हैं। अब परिवार के सामने रोजी-रोटी का भी संकट खड़ा हो गया है।
गांव के लोग मांग कर रहे हैं कि फूलमती के परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए और वन्यजीवों से बचाव के लिए ठोस योजना बनाई जाए। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक वन विभाग इस समस्या को गंभीरता से नहीं लेगा, तब तक ऐसे हादसे होते रहेंगे।
ग्रामीणों की मुख्य मांगें:
पीड़ित परिवार को तुरंत मुआवजा दिया जाए
भालुओं की बढ़ती संख्या पर नियंत्रण हो
जंगल में जाने वालों की सुरक्षा के लिए ठोस व्यवस्था बनाई जाए।





