Viral Video: ‘डॉक्टर कोबरा’ की आंखों में आंखें डालना पड़ा महंगा, खतरनाक हमले से दहल उठे लोग

ताशकंद | 19 मई 2025
सोशल मीडिया पर इन दिनों एक खौफनाक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक बुजुर्ग शख्स किंग कोबरा जैसे खतरनाक सांप से आंख मिलाता नजर आ रहा है। हालांकि, जैसे-जैसे वीडियो आगे बढ़ता है, वैसे ही एक पल ऐसा आता है जो हर किसी को झकझोर देता है। यह बुजुर्ग उज्बेकिस्तान के रहने वाले हैं और “डॉक्टर कोबरा” नाम से मशहूर हैं।

वीडियो में देखा जा सकता है कि एक किंग कोबरा टेबल पर फन फैलाकर बैठा है और बुजुर्ग व्यक्ति ठीक उसके सामने बैठकर आंखों में आंखें डालकर उसे घूर रहा है। उनके पास बैठा एक और शख्स चिंतित नजर आता है, मानो सोच रहा हो कि अब कुछ गलत होने वाला है।

जैसे ही बुजुर्ग व्यक्ति अपना चेहरा कोबरा के और नजदीक लाते हैं, अचानक ही सांप बिजली जैसी तेजी से हमला करता है और उनकी बाईं आंख पर अटैक कर देता है। यहीं पर वीडियो खत्म हो जाता है, लेकिन इस दृश्य ने हजारों दर्शकों को सन्न कर दिया है।

यह वीडियो इंस्टाग्राम पर @17__saber नाम के अकाउंट से साझा किया गया है, जिसे अब तक करीब 4 लाख लोगों ने लाइक किया है। कमेंट्स में लोग हैरानी और डर दोनों जता रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, “आ बैल मुझे मार का असली उदाहरण”, तो किसी ने पूछा, “चचा बच गए या गए?”

वीडियो में दिख रहे बुजुर्ग की पहचान अलीशेर यार्मातोव के रूप में हुई है, जो उज्बेकिस्तान के नेशनल मेडिकल एसोसिएशन के सदस्य हैं। वह सांपों के साथ खतरनाक स्टंट करने के लिए मशहूर हैं और @doktorkobra_official नाम से इंस्टाग्राम पर सक्रिय हैं, जहां उनके डेढ़ लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं।

इस वीडियो ने यह एक बार फिर साबित कर दिया है कि जंगली जानवरों के साथ जोखिम भरे व्यवहार में एक पल की चूक भी जानलेवा साबित हो सकती है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button