मंत्री ओपी चौधरी ने मां दंतेश्वरी मंदिर में की पूजा, होनहार छात्रा रमशिला नाग से की मुलाकात

दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के मंत्री ओपी चौधरी ने दंतेवाड़ा स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर बताया कि उन्होंने प्रदेशवासियों की खुशहाली और समृद्धि के लिए प्रार्थना की। मंत्री ने लिखा, “जय मां दंतेश्वरी! इस पावन स्थल पर आकर गहरी आध्यात्मिक शांति का अनुभव हुआ। मां के आशीर्वाद से सभी के जीवन में सुख-शांति और समृद्धि बनी रहे, यही कामना है। यह मेरे लिए आत्मिक संतोष और गर्व का पल है – ‘छू लो आसमान…'”
मंदिर दर्शन के बाद मंत्री ओपी चौधरी ने दंतेवाड़ा की होनहार छात्रा रमशिला नाग से भी मुलाकात की। रमशिला ने छत्तीसगढ़ बोर्ड की 10वीं परीक्षा में राज्य स्तर पर 9वां स्थान हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। मंत्री ने उसे बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने रमशिला के शिक्षकों और अभिभावकों से भी मुलाकात कर उनके योगदान और मेहनत के लिए आभार व्यक्त किया। मंत्री ने इस मुलाकात को बेहद प्रेरणादायक और यादगार अनुभव बताया।





