जंगल में मिला अधेड़ का शव, इलाके में फैली सनसनी

बिलासपुर। एटीआर के बफर जोन में स्थित घने जंगल में एक अधेड़ व्यक्ति का बुरी हालत में शव मिलने से गांव में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान ग्राम सकरी निवासी उमाशंकर साहू (52 वर्ष) के रूप में हुई है, जो 15 मई से लापता थे।
जानकारी के अनुसार, उमाशंकर रोज की तरह सुबह करीब 4 बजे अपने गांव के कुछ लोगों के साथ जलाऊ लकड़ी लेने जंगल गए थे। बाकी लोग तो रोज की तरह समय पर घर लौट आए, लेकिन उमाशंकर वापस नहीं आए। परिजनों ने पहले खुद उन्हें ढूंढने की कोशिश की, लेकिन जब कुछ पता नहीं चला तो तखतपुर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई।
शनिवार को जब ग्रामीण फिर लकड़ी लेने जंगल पहुंचे तो वहां उन्हें एक शव नजर आया। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। तखतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को भी बुलाया गया। परिजनों ने शव की पहचान उमाशंकर साहू के रूप में की।
शव की हालत काफी खराब थी। शरीर के अंग अलग-अलग जगह बिखरे हुए थे और कुछ हिस्सों से मांस भी गायब था। पुलिस ने शव को एकत्र कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और फिर परिजनों को सौंप दिया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस घटना के बाद से गांव के लोग डरे हुए हैं।





