रायपुर के ट्रैफिक DSP बने शॉर्ट फिल्म में हीरो, फिल्म की मदद से दिया रोड सेफ्टी का संदेश

रायपुर। राजधानी रायपुर के ट्रैफिक DSP सतीश ठाकुर अब सिर्फ वर्दी में ही नहीं, पर्दे पर भी नजर आ रहे हैं। उन्होंने एक छत्तीसगढ़ी शॉर्ट फिल्म में मुख्य भूमिका निभाई है। यह फिल्म सड़क सुरक्षा जागरूकता के उद्देश्य से बनाई गई है, जिसमें DSP ने गंगुआ नामक ग्रामीण किसान का किरदार निभाया है।
फिल्म की कहानी एक बारात से जुड़ी है, जो मालवाहक वाहन से गांव से रवाना होती है। गंगुआ (DSP ठाकुर) इसे रोकते हैं और बताते हैं कि मालवाहक वाहन में सवारी करना जानलेवा और नियमों के विरुद्ध है। इसके बाद बारात सवारी वाहनों से आगे बढ़ती है। इस दृश्य के माध्यम से लोगों को नियमों के पालन का संदेश दिया गया है।
DSP ने दिखाए मसल्स, निभाया किसान का रोल
फिल्म में DSP ठाकुर ने लुंगी पहनकर एक किसान का किरदार निभाया है। उन्होंने अपनी फिटनेस और मसल्स भी दिखाए हैं। असल जिंदगी में भी वे पिछले 25-30 वर्षों से व्यायाम कर रहे हैं और मानते हैं कि पुलिसकर्मियों के लिए शारीरिक रूप से फिट रहना बेहद जरूरी है। हाल ही में खरोरा में एक मालवाहक वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने से 13 लोगों की मौत हुई थी। ये लोग छठी कार्यक्रम से लौट रहे थे। इस घटना के बाद जिला प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस ने ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाया। फिल्म इसी अभियान का हिस्सा है।
SSP ने दिए ट्रैफिक नियमों के पालन के निर्देश
फिल्म में रायपुर SSP डॉ. लाल उमेद सिंह भी नजर आए और उन्होंने सभी वाहन चालकों को ट्रैफिक नियमों के पालन की अपील की। उन्होंने कहा:
मालवाहकों में सवारी न बैठाएं
वैध दस्तावेज साथ रखें
नशे में वाहन न चलाएं
ओवरलोडिंग और ओवरस्पीडिंग से बचें
सीट बेल्ट का उपयोग करें
सही लेन में वाहन चलाएं





