बिलासपुर में लापरवाह ड्राइवरों पर सख्ती – 1920 लोगों के लाइसेंस सस्पेंड

बिलासपुर में अब ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों की खैर नहीं। यातायात पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए अब तक 1920 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। यह कार्रवाई लगातार जारी है।
पुलिस का कहना है कि अब केवल चालान काटने से काम नहीं चलेगा, जो भी ड्राइवर गंभीर नियमों की अनदेखी करेगा, उसका लाइसेंस सीधा सस्पेंड कर दिया जाएगा। रेड लाइट जम्प करना, तेज रफ्तार में गाड़ी चलाना, शराब पीकर ड्राइव करना और मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाना – ये सब अब भारी पड़ सकता है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह और एएसपी रामगोपाल करियारे के निर्देशन में यह अभियान चलाया जा रहा है। उनका कहना है कि सड़क पर बार-बार नियम तोड़ने वालों को अब ड्राइविंग की अनुमति नहीं दी जाएगी।
इसके अलावा, जिन ड्राइवरों की वजह से सड़क हादसे होते हैं, उनके लाइसेंस को स्थायी रूप से भी रद्द किया जा सकता है। पुलिस ने जिला परिवहन विभाग को भी इसकी जानकारी भेजनी शुरू कर दी है ताकि नियम तोड़ने वालों को सख्त सजा मिल सके।
यातायात पुलिस की अपील है – सुरक्षित चलाएं, नियमों का पालन करें, ताकि खुद भी सुरक्षित रहें और दूसरों की जान भी खतरे में न पड़े।





