बोईरगांव में टूटा सोलर संयंत्र, कलेक्टर के निर्देश पर तुरंत हुई मरम्मत

धमतरी। जिले के नगरी ब्लॉक के बोईरगांव में तेज आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली गिरने से गांव का सोलर संयंत्र खराब हो गया था। इससे गांव में बिजली पूरी तरह ठप हो गई थी और लोग अंधेरे में रहने को मजबूर हो गए थे।
ग्रामीणों की शिकायत पर कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने तुरंत कार्रवाई करते हुए क्रेडा विभाग की टीम को मौके पर भेजा। टीम ने गांव पहुंचकर सोलर संयंत्र की मरम्मत का काम शुरू किया और कुछ ही घंटों में उसे पूरी तरह से चालू कर दिया।
बता दें कि हादसे में 4 किलोवॉट क्षमता की 10 बैटरियां फट गई थीं, जिससे पूरा सिस्टम खराब हो गया था। अब सोलर संयंत्र दुरुस्त हो चुका है और गांव में फिर से स्ट्रीट लाइट और घरों में बिजली की आपूर्ति शुरू हो गई है।
ग्रामीणों ने त्वरित कार्रवाई के लिए कलेक्टर और प्रशासन का आभार जताया है।





