AIR INDIA ने आठ शहरों की फ्लाइट की रद्द, यात्रियों की सुरक्षा के लिए लिया फैसला

दिल्ली। भारत और पाकिस्तान के बीच हाल ही में हुए तनाव के कारण एयर इंडिया और इंडिगो एयरलाइंस ने मंगलवार को कई शहरों की फ्लाइट्स कैंसिल कर दी हैं।
एयर इंडिया ने 8 शहरों की फ्लाइट्स रद्द की हैं जिनमें जम्मू, लेह, जोधपुर, अमृतसर, भुज, जामनगर, चंडीगढ़ और राजकोट शामिल हैं। इसी तरह, इंडिगो ने भी 6 शहरों की उड़ानें रद्द कर दी हैं। इनमें जम्मू, अमृतसर, चंडीगढ़, लेह, श्रीनगर और राजकोट शामिल हैं। दोनों एयरलाइंस ने यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया है।
दिल्ली से अमृतसर जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट को सोमवार शाम वापस दिल्ली लौटना पड़ा। बताया गया कि अमृतसर एयरपोर्ट एहतियात के तौर पर बंद था, इसलिए फ्लाइट हवा में कुछ देर रहने के बाद लौट आई। हाल ही में भारत सरकार ने सीमा से जुड़े 32 एयरपोर्ट्स को चार दिन के बंद के बाद 12 मई को दोबारा खोल दिया था। यह एयरपोर्ट्स 9 से 15 मई तक बंद रहने वाले थे, लेकिन भारत-पाकिस्तान सीजफायर के 43 घंटे बाद इन्हें फिर से खोला गया।
एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने सोमवार को प्रेस रिलीज जारी कर बताया कि अब ये एयरपोर्ट्स उड़ानों के लिए उपलब्ध हैं। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी फ्लाइट्स की जानकारी एयरलाइन की वेबसाइट से लें। बीते तीन दिनों में 500 से ज्यादा फ्लाइट्स रद्द हो चुकी हैं, लेकिन अब हालात धीरे-धीरे सामान्य हो रहे हैं।





