सीजफायर:पूर्व पुलिस महानिदेशक एसपी वैद ने पाकिस्तान के साथ सीजफायर पर दी अपनी राय

सीजफायर:भारत और पाकिस्तान के बीच हुए सीजफायर पर जम्मू-कश्मीर के पूर्व पुलिस महानिदेशक एसपी वैद ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उनका कहना है कि भारतीय सेना को कम से कम 2-3 दिन और मिलना चाहिए था ताकि पाकिस्तान को और अधिक नुकसान पहुंचाया जा सकता था। उन्होंने यह भी कहा कि अंतरराष्ट्रीय कूटनीति में बहुत सारे पहलू होते हैं, जिनका ध्यान सरकार को रखना पड़ता है, और यह देशहित में होता है।
एसपी वैद ने कहा कि सीजफायर ठीक है, लेकिन सेना को और समय मिलने से पाकिस्तान को और गहरी चोट पहुंचाई जा सकती थी, जैसा कि भारत ने पिछली बार किया था जब पाकिस्तान को घुटनों पर ला दिया था। हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि बहुत से तथ्यों के बारे में सिर्फ सरकार और नेतृत्व को ही जानकारी होती है, जो आम जनता को नहीं होती।
कश्मीर के मसले पर, एसपी वैद ने स्पष्ट किया कि भारत कभी भी तीसरे पक्ष की मध्यस्थता नहीं चाहता। उन्होंने कहा, “कश्मीर मुद्दे को सुलझाने के लिए हमें किसी तीसरी पार्टी की आवश्यकता नहीं है, यह दो देशों का आपसी मामला है और हम इसे खुद सुलझा सकते हैं।” उनका कहना था कि शिमला समझौते के तहत दोनों देशों को मिलकर कश्मीर के मुद्दे पर चर्चा करनी चाहिए।
पूर्व पुलिस महानिदेशक ने पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय सेना की कार्रवाई की सराहना की और कहा कि दोनों देशों के बीच संघर्ष के बाद अमेरिकी मध्यस्थता से सीजफायर का ऐलान किया गया।





